हरदोई। सिविल लाइन के अंबेडकर नगर स्थित अनुसूचित जाति छात्रावास के छात्रों ने परिसर में संचालित स्कूल के लिपिक पर गाली गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
छात्रावास के छात्र ज्ञान राव, सूरज, विवेक, शिव प्रताप, राहुल, उदयपाल, अवधेश व नीरज ने सोमवार को जिला समाज कल्याण एसएस श्रीवास्तव अधिकारी को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि छात्रावास परिसर में जनता जूनियर हाईस्कूल संचालित है। जिसके लिपिक मनोज कुमार शुक्ला आए दिन उन लोगों के साथ गाली गलौज करते रहते हैं।
रविवार को वह छात्रावास स्थित कमरे में घुस आए और जाति सूचक गालियां देकर मारपीट करने लगे। उन्हाेंने कमरे में रखा राशन का सामान भी बाहर फेंक दिया। छात्रों ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो गालियां देते हुए छात्रावास खाली करने की चेतावनी दी। साथ ही फर्जी मुकदमों में फंसाने की भी धमकी दी।