हरदोई। दुबई जाने के लिए छात्र ने अपने अपहरण का नाटक रचा और भाई के मोबाइल पर मैसेज कर 20 लाख रुपये फिरौती मांगी। भाई की तहरीर पर पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस पर लगाकर टीमें लगा दीं। फिरौती के लिए दोबारा कॉल करने पर लोकेशन ट्रेस हो गई और पुलिस ने छात्र को दबोच लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अरवल थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी विकास यादव (20) पुत्र राकेश यादव सांडी ब्लाक के विश्राम सिंह महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। एक सप्ताह पहले हरदोई शहर में कोचिंग करने आया था। उसने मोहल्ला खुशीराम बगिया में किराए का कमरा लिया था। उसके साथ सांडी का छात्र सोमेंद्र भी रहता है। 19 अगस्त को शाम सात बजे विकास नघेटा रोड स्थिति कोचिंग सेंटर जाने के लिए लिकला था। रास्ते से लापता हो गया। 19 की रात करीब नौ बजे बड़े भाई राजेश के मोबाइल पर मैसेज आया। इसमें विकास के अपहरण की सूचना देने के साथ 20 लाख फिरौती मांगी गई। उसी दिन राजेश ने शहर कोतवाली में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने 20 अगस्त को अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की।
राजेश और परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाने के साथ विकास को मुक्त कराने के लिए टीमें भी लगा दी गईं। कोतवाल विनय गौतम ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे नए नंबर से राजेश के मोबाइल पर फोन कर जल्द से जल्द फिरौती की रकम मांगी गई। राजेश का नंबर सर्विलांस पर लगा होने से कॉल करने वाले की लोकेशन पचदेवरा थाना क्षेत्र में ट्रेस की गई। इसी आधार पर पुलिस ने विकास को पकड़ लिया। कोतवाल ने बताया कि विकास दुबई जाना चाहता था, इसीलिए उसने अपहरण का नाटक रचकर परिजनों से 20 लाख मांगे थे। उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।