पिहानी। कोतवाली अंतर्गत रामपुर गांव में शौच करने गई एक बालिका पर अज्ञात ने चाकू से हमला कर दिया। भागकर उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रामपुर निवासी पप्पू की ग्यारह वर्षीय पुत्री मोनी मंगलवार की शाम गांव किनारे खेत में शौच करने गई थी। थोड़ी देर में ही वह भागती हुई वापस आई तो उसकी गर्दन से खून बहता देख परिजनों होश फाख्ता हो गए। बालिका ने इशारे से खेत में हमला होने की बात बताई। गांव वाले खेत गए पर वह कोई मिला नहीं। समझा जा रहा है कि वहां किसी व्यक्ति ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया, जिसका विरोध करने पर हमला कर दिया गया।
घाव के निशान धारदार हथियार के मालूम हो रहे थे। सीएचसी लाई गई किशोरी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल परशुराम सिंह ने बताया कि इस मामले में गांव के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।