फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तांत्रिक की दवा पीकर दंपति व बेटे की मौत

Tue, 26 Apr 2016 11:10 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/हरदोई
विज्ञापन
गांव में मौजूद एसपी व अन्य अधिकारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ककरघटा गांव में सोमवार रात तांत्रिक की दवा खाकर माता-पिता और पुत्र की मौत हो गई। मृतक लड़के के भाई ने अज्ञात तांत्रिक (बाबा) के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर से मौत की पुष्टि हुई है। जहर कौन सा था, इसकी जांच की जा रही है। विसरा भी सुरक्षित कर लिया गया है। एसपी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि मरने से पहले बेटे के दिए बयान के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।
विज्ञापन


कोतवाली क्षेत्र के ककरघटा गांव निवासी राजेश सिंह (42) सफेद दाग की बीमारी से पीड़ित था। उसकी पत्नी गीता सिंह (38) भी बीमार रहती थी। मरने से पहले दिए गए बेटे रोहित (22) के बयान के मुताबिक सोमवार शाम राजेश सिंह सिंघाड़े की फसल को सुरक्षित रखने के लिए उसमें डाली जाने वाली दवा की सीसी लेकर घर पहुंचा और खाना खाने के बाद उसने अपनी पत्नी को दवा की सीसी देते हुए कहा कि एक तांत्रिक ने दी है। इसको पीकर शरीर निरोग हो जाएगा।

रोहित की तरक्की होगी। अन्य कष्ट भी दूर होे जाएंगे। यह कहकर उसने दवा को पानी में घुलवाकर तीन हिस्से किए। एक हिस्सा पत्नी को, दूसरा उसे और तीसरा हिस्सा खुद पीकर लेट गया। इसके बाद उसे होश नहीं रहा।
विज्ञापन

बड़ी बेटी शालू के मुताबिक सुबह करीब चार बजे वह लघुशंका को उठी तो कमरे में माता-पिता के अलावा भाई को जमीन पर अचेत पड़े देखा।

उसने पड़ोस में रह रहे चाचा नरेश सिंह को बुलाया। वे मौके पर पहुंचे। तब तक माता-पिता की मौत हो चुकी थी। भाई रोहित की सांस चल रही थी। उसे आनन-फानन सीएचसी ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान रोहित को होश आ गया।
इसी दौरान सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय और सीओ अरविंद वर्मा ने रोहित से घटनाक्रम की जानकारी ली।

तहसीलदार अबुल कलाम को बुलाकर रोहित के बयान दर्ज कराए। रोहित ने यह भी बताया कि उसे अंदाजा नहीं था कि दवा का इतना घातक प्रभाव होगा। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रोहित ने दम तोड़ दिया। एसपी उमेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों व परिजनों से जानकारी ली। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक राजेश सिंह के भाई नरेश सिंह ने अज्ञात तांत्रिक (बाबा) के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। तांत्रिक का पता लगाया जा रहा है। परिवार में दो बेटियां दस साल की काजल और बीस साल की शालू ही बची हैं।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें