मल्लावां। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार देर रात तेंदुवा गांव निवासी निलंबित शिक्षक के हाते से हरियाणा की 20 पेटी शराब पकड़ी। मौके से निलंबित शिक्षक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी भाग निकला। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव तेंदुआ निवासी ज्ञानेंद्र कनौजिया उर्फ मिन्ने शिक्षक हैं। पिछले कुछ समय से वह निलंबित चल रहे हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे कोतवाली पुलिस को छापेमारी में ज्ञानेंद्र के हाते से हरियाणा की 20 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ज्ञानेंद्र कनौजिया और चेतराम निवासी सुभनखेड़ा थाना कासिमपुर को दबोच लिया। एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
कोतवाल सुजीत दुबे ने बताया कि शराब की कीमत करीब 60 हजार रुपये है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ज्ञानेंद्र और चेतराम को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है ।