सिपाही चंद्रभूषण त्रिवेदी की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं पुलिस लाइन में तैनात सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर स्थित घर में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया हैै। मृतक के भाई ने कच्ची शराब पिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है, लेकिन कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर निवासी चंद्रभूषण त्रिवेदी उर्फ बबलू (52) पुत्र प्रेमचंद्र द्विवेदी 1989 बैच का सिपाही था। उसकी तैनाती बदायूं पुलिस लाइन में थी। परिजनों की मानें तो वह दो माह से निलंबित चल रहा था। इसके कारण पिछले कुछ दिनों से गांव टोडरपुर में रह रहा था। मंगलवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खोला। उसे बेड पर मृत देखकर परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंद्रभूषण का पत्नी से र्कई सालों से संबंध नहीं था। घर में बुजुर्ग मां मुन्नी देवी और पुत्र विशाल त्रिवेदी (22) है। मृतक के तीन भाई सुधीर त्रिवेदी, चंद्रकिशोर और चंद्रशेखर हैं। सुधीर ने बताया कि गांव के ही चार-पांच लोगों के साथ बबलू ने सोमवार रात कच्ची शराब पी थी। इसके कारण उसकी मौत हो गई। सिपाही शराब पीने का आदी था। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विसेन ने बताया कि घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है।