अस्पताल में भर्ती घायल छात्र अंशु।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के गांव औरेनी में खेत को लेकर दो युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान तमंचे से गोली चल गई। जो उसी दौरान वहां रुके छात्र के पैर में जा लगी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरेनी निवासी नकुल और राजेश के बीच खेत को लेकर विवाद चल रहा है। नकुल का आरोप है कि सोमवार को राजेश ने अपना खेत जोतते समय उसके खेत में लगे तारों को तोड़ दिया। दोनों के बीच विवाद होते देख वहां से गुजर रहा कक्षा सात का छात्र अंशु द्विवेदी (11) पुत्र विमलेश वहीं रुक गया। इस दौरान बात बढ़ने पर राजेश घर से तमंचा निकाल लाया और नुकल पर फायर करना चाहा। नकुल ने उसे पकड़ लिया। इस बीच गोली चल गई जो कुछ दूरी पर खड़े अंशु के पैर में जा लगी। उसके गिरते ही दोनों युवक भाग गए। घटना की सूचना पर अंशु के परिजन मौके पर पहुंचे और उसको जिला अस्पताल ले गए। कोतवाली प्रभारी ज्ञान प्रकाश तिवारी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। वहीं सीओ हरपालपुर ममता कुरील ने बताया कि परिजन अस्पताल में हैं। उनको कोतवाली में तहरीर देने को कहा गया है। मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं।