पड़ोसी के गांव की डेरी में दूध देकर लौट रही छात्रा से ढपरापुर के दो युवकों ने गन्ने के खेत में खींचकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा है। पाली थाना क्षेत्र के एक गांव की पंद्रह वर्षीय किशोरी नौ की छात्रा है। छात्रा रोज पड़ोस के गांव की डेयरी में साइकिल से दूध देने जाती थी।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह डेयरी में दूध देकर लौट रही थी। रास्ते में ढपरापुर गांव के बालेश्वर (25) पुत्र बाबू और राजीव (27) पुत्र सुरेश ने किशोरी को दबोच लिया। दोनों उसे गन्ने के खेत में खींच ले गए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर दोनों युवक भाग निकले। घर पहुंची किशोरी ने रो-रोकर आप बीती मां को बताई। परिजनों ने थाने जाकर तहरीर दी।
थाना प्रभारी डीएन मिश्र ने बताया कि बालेश्वर और राजीव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। सूचना पर सीओ शाहाबाद अरविंद कुमार ने मौके का निरीक्षण किया और किशोरी के परिजनों से जानकारी ली। सीओ ने बताया कि पीड़ित छात्रा को महिला पुलिस के साथ मेडिकल के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।