मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड पर स्कूटर सवार युवकों से सेंट्रो कार सवार बदमाशों ने तमंचों के बल पर हजारों रुपयों की नगदी और मोबाइल लूट लिया। बदमाश स्कूटर सवारों को सड़क किनारे ईख के खेत में धक्का देकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
मोहल्ला सद्दीकनगर निवासी दानिश पुत्र हकीमूद्दीन और मोहम्मद नादिर पुत्र इश्तियाक इलेक्ट्रानिक कांटे सप्लाई करते हैं। रविवार शाम दोनों स्कूटर से जानसठ से खतौली आ रहे थे। गांव लाड़पुर और लिसौड़ा के बीच सेंट्रो कार सवार बदमाशों ने दोनों को रोक लिया। कार से निकले दो बदमाशों ने तमंचों के बल पर दानिश से हजारों रुपयों की नगदी और मोबाइल लूट लिया।
बदमाशों ने स्कूटर भी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों बदमाशों ने सड़क किनारे ईख में स्कूटर सवारों को धक्का दे दिया। इसके बाद बदमाश कार में बैठकर फरार हो गए। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने चारों ओर घेराबंदी कर ली। नेशनल हाईवे पर बुढ़ाना अंडरपास के पास पुलिस ने सेंट्रो कार सवार बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़ी गई कार में छह बदमाश थे। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
पीड़ितों ने पुलिस को लूट की तहरीर दे दी है।