दुकान को सील करते टीम के कर्मचारी। अमर उजाला
- फोटो : अमर उजाला
मिलावटी दूध बनाने के मामले में सीज मिल्क फैक्ट्री का सामान शुक्रवार को बंद दुकानों से बरामद हुआ। एसडीएम की मौजूदगी में सराय मारुफपुर स्थित फैक्ट्री की दो दुकानों का ताला खुलवाकर जांच की गई। यहां से दो तरह का पाउडर व रिफाइंड के दर्जनों पीपे मिले हैं। टीम ने माल कब्जे में ले लिया है।
कस्बा स्थित अभिषेक मिल्क फैक्ट्री पर गुरुवार को खाद्य विभाग की सहायक आयुक्त शशि पांडे की अगुवाई में टीम ने छापा मारा था। छापे के दौरान फैक्ट्री से स्किम्ड पाउडर व यूरिया समेत अन्य सामान बरामद हुआ था। इसके बाद फैक्ट्री मालिक के चालक के घर से करीब 500 बोरी पाउडर बरामद हुआ था। वहीं फैक्ट्री से सील किया गया दो टैंकर दूध गायब हो गया था। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक मनोज वर्मा की ओर से फैक्ट्री संचालक नवीन व उनके भाई योगेश के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि सरायमारुफपुर में भी फैक्ट्री की ओर से दो दुकानें किराये पर ली गईं हैं। जिनमें फैक्ट्री का सामान भरा है। शुक्रवार को एसडीएम आशीष कुमार सिंह की मौजूदगी में दोनों दुकानों का ताला खुलवाकर जांच की गई। इस दौरान दुकानों से 581 बोरी मिल्क पाउडर, 70 बोरी डेरी बेस्ट पाउडर व रिफाइंड भरे 14 पीपे (कैन) बरामद हुए हैं। जिनमें लगभग 560 लीटर रिफाइंड ऑयल है। टीम ने इसे जांच के लिए भेजा है। इस मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंबा दत्त पांडेय, खाद्य निरीक्षक मनोज वर्मा, विवेक, अरविंद, घनश्याम, रामकिशोर, चौकी इंचार्ज कताई मिल धर्मेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।