बेहटागोकुल क्षेत्र में पकड़ी गई कच्ची शराब को फेंकते पुलिस टीम के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चले सघन अभियान में पुलिस ने कच्ची शराब के साथ नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान भारी मात्रा में लहन को नष्ट कर दिया गया।
बेहटागोकुल थाना इंचार्ज बृजेश त्रिपाठी ने रविवार की रात टीम के साथ क्षेत्र के सिरोमन नगर, जसमई, जमालपुर, कसियापुर और चंदूपुर खैराई गांव में छापामारी कर करीब आधा दर्जन घरों से 30 लीटर कच्ची शराब और भारी मात्रा में लहन पकड़ा।
इस दौरान सरसईपुरवा से राम सागर, ओमकार, सिरोमन नगर से जगपाल, कसियापुर से सत्यपाल व कमरु को गिरफ्तार किया। उधर, शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा बीबीजई गांव में कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने टीम के साथ छापामारी कर विजयपाल व प्रमोद कुमार को 10-10 लीटर कच्ची शराब समेत गिरफ्तार किया।
वहीं, करीम नगर गांव में छापेमारी में कुछ भी हाथ नहीं लगा। इधर, पाली थाना क्षेत्र के मुंडेर गांव में पुलिस ने छापामार कर गांव निवासी धर्मपाल व उसके भाई हरीराम को 10-10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।