मझिला थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता की शहर के एक निजी अस्पताल के गेट पर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला थाने के सामने शव रखकर मायके पक्ष ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
मझिला थाना और गांव निवासी रजनीश की पत्नी बबिता (25) पांच माह से बुखार से पीड़ित थी। ससुराली गांव के आसपास के ही चिकित्सकों से उसका इलाज करा रहे थे। सोमवार सुबह बबिता की तबीयत बिगड़ गई। ससुराली उसे शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां गेट पर ही उसने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी रजनीश ने ससुर देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर निवासी गया प्रसाद को दी। गया प्रसाद अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। मायके वालों ने दहेज के लिए गला दबाकर बबिता की हत्या करने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। ससुरालीजनों की चुप्पी पर मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और गाली गलौज करने लगे। शव लेकर दोनों पक्ष महिला थाने पहुंच गए। मायके वाले थाने के गेट के सामने शव रखकर हंगामा करने लगे। मृतका के पिता का कहना था कि उसने तीन वर्ष पूर्व बेटी की शादी की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल सुधीर त्यागी ने बताया कि बीमारी से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर कार्रवाई की जाएगी।