हरदोई। शहर कोतवाली में पुलिस ने बुधवार को अरबन कोऑपरेटिव बैंक से धोखाधड़ी कर डेढ़ करोड़ के गबन की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की थी। तीन दिन पहले रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अभी मामले की जांच नहीं शुरू की है।
शहर कोतवाली में बुधवार को अरबन कोऑपरेटिव बैंक सिनेमा चौराहा की शाखा से डेढ़ करोड़ रुपये के गबन की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट दर्ज हुए तीन दिन हो गए हैं, लेकिन पुलिस की जांच अभी शून्य पर अटकी हुई है। पुलिस जांच शुरू करने में हीलाहवाली कर रही है।
बैंक शाखा के अध्यक्ष रामेंद्र सिंह निवासी मोहल्ला आवास विकास ने नवंबर 2016 को बैंक से हुए लेन देन की जांच की थी। जिसमें करीब ढेड़ करोड़ रुपये के गबन की बात सामने आई थी।
गड़बड़ी के आरोपियों में बैंक के डायरेक्टर दिनेश पाल, बैंक के सचिव अनिल सिंह और शाखा प्रबंधक संजय श्रीवास्तव की मिलीभगत सामने आई। नवंबर में ही उन्होंने आरोपियों के खिलाफ अदालत में मुकदमा किया था।
अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए 31 जनवरी 2017 को फैसला सुनाया। जिसमें पुलिस को तीनों आरोपियों के खिलाफ गबन की रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया गया था।
पुलिस ने तय समय में मामला दर्ज नहीं किया। इसके चलते रामेंद्र ने अदालत में दोबारा गुहार लगाई थी। बुधवार को पुलिस ने गबन और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की थी। प्रभारी कोतवाल एसएसआई राजन कुमान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। जल्द ही किसी को विवेचना सौंप दी जाएगी।