जिले के कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही जिला अस्पताल में कैंसर का भी इलाज किया जा सकेगा। कैंसर केयर यूनिट का संचालन करने के लिए एक डॉक्टर को भी प्रशिक्षित किया गया है।
कैंसर की बीमारी लगातार बढ़ती जा रही है। जिले में कैंसर के इलाज की कोई व्यवस्था नहीं है। इस कारण मरीजों को दूसरे जिलों में जाना पड़ता था। इससे मरीजों को लाने ले जाने में परेशानी होती है और आर्थिक बोझ भी पड़ता है। मरीजों को राहत देने के लिए जिला अस्पताल में भी कैंसर के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की कवायद शुरू की गई है। इसके तहत अस्पताल में कैंसर केयर यूनिट खोली जाएगी। प्रदेश के डॉक्टरों को सर्वोदय कैंसर इंस्टीट्यूट फरीदाबाद में चार सप्ताह का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें जिला अस्पताल के डॉ. मनोज देशमणि भी शामिल हुए। उनको कीमोथैरेपी से कैंसर पीड़ितों का उपचार करने का प्रशिक्षण दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के शुरू होने की संभावना है। डॉ. मनोज देशमणि ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद उनको फेलोशिप की डिग्री दी गई है। वह कैंसर का इलाज कर सकते हैं। अस्पताल में दवाइयां उपलब्ध होते ही मरीजों का इलाज शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए अधिक संसाधन की आवश्यकता नहीं होती है। किसी वार्ड को रिजर्व कर इलाज शुरू किया जा सकता है।