हरदोई। रात में बिजली कटौती के खिलाफ वकीलों ने सख्त रुख अपनाया है। बार एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर अल्टीमेटम दिया कि दो दिन में रात कटौती बंद नहीं हुई तो विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
भीषण गर्मी पर भी रात में बिजली आपूर्ति न मिलने से आम जनमानस बेहाल है। लोगों को जगराता करना पड़ रहा है। अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सतीश चंद्र सिंह व महामंत्री अश्वनी कुमार सिंह के नेतृत्व में वकीलों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार आरके चौरसिया को दिया। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने बताया कि कटौती से जनता बेहाल हो गई है।
अधिवक्ताओं को भी मुकदमों की तैयारी करने के लिए देर रात तक काम करना पड़ता है। ऐसे में रात की कटौती से न तो काम पूरा हो पा रहा है और न ही वह लोग सो पा रहे हैं। नींद पूरी न होने से मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है। बार संघ अध्यक्ष और महामंत्री ने कहा कि दो दिन के अंदर रात की कटौती बंद नहीं की गई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर अधिवक्ता दिग्विजय सिंह सिकरवार, शिव मोहन शुक्ला, केके सिंह, सलीम, राधेश्याम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।