संडीला। दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे सराफा व्यवसायी को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसके हाथ में लगी। व्यवसायी ने हिम्मत जुटाते हुए बाइक को तेज रफ्तार संडीला की तरफ दौड़ा दिया। उसका पीछा कर रहे लुटेरे राहगीरों को आता देख बेनीगंज की ओर भाग गए।
संडीला कोतवाली अंतर्गत कस्बा के सदर बाजार निवासी राजू सैनी (40) की सराफा की दुकान मल्हेरा में है। रोज की तरह शनिवार की देर शाम लगभग सात बजे वह दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। बेनीगंज रोड पर मल्हेरा व संडीला के बीच एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने लूट की मंशा से उसे गोली मार दी।
गोली से गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी व्यापारी बाइक की रफ्तार को तेज कर बचाओ-बचाओ की आवाज लगाने लगा। राहगीर घटना की ओर लपके तो बदमाश बेनीगंज की ओर भाग निकले। व्यापारी सीधे अस्पताल पहुंचा। यहां से डाक्टराें ने लखनऊ रेफर कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।