हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में खनन अधिकारी बन एक जेसीबी को लूटने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मौके से एक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में खनन अधिकारी के आने का इंतजार कर रही है।
सांडी थाना क्षेत्र के चचरापुर निवासी जिला पंचायत सदस्य पिहानी सुधीर वर्मा शहर कोतवाली क्षेत्र के राधा नगर में रहते हैं। बुधवार की रात सांडी चुंगी के पास वह अपने आफिस में थे। इसी बीच बोलेरो से पांच लोग आए और अपने को खनन अधिकारी बताते हुए सड़क पर खड़ी जेसीबी मशीन ले जाने लगे। चालक ने शोर मचाया तो जेसीबी चला युवक को धर दबोचा। बोलेरो सवार मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को ले गई।
पकड़े गए युवक दलवीर ने बताया कि उसे लखनऊ चुंगी के निकट के रहने वाले सेवा सिंह ने अधिकारियों के साथ गाड़ी लाने के लिए भेजा था। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने सेवा सिंह ने पूछताछ की गई तो उसने बताया कि खनन अधिकारी ने छापा मारा था। जिस पर उससे खनन अधिकारी को लानेे के लिए कहा गया था। कोतवाल सुजीत दुबे ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। खनन अधिकारी के आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। अगर गड़बड़ी मिली तो सेवा सिंह पर भी कार्रवाई की जाएगी।