शुक्रवार रात से लापता सांडी कस्बे के मोहल्ला नवाबगंज निवासी अधेड़ का शव बिल्हौर-कटरा हाईवे के किनारे तालाब में पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि मानसिक रूप से बीमार होने के कारण उसने खुदकुशी की है।
मूल रूप से उन्नाव निवासी अनिल कुमार गुप्ता (50) पुत्र रूप नारायण 25 साल से सांडी कस्बे के मोहल्ला नवाबगंज में रह रहा था। वह सेल्समैन था। उसकी पत्नी मधु गुप्ता पंचायत राज विभाग के अधीन सफाई कर्मी है। शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे अनिल टहलने जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। शनिवार सुबह लगभग दस बजे बिल्हौर-कटरा हाईवे पर स्थित ग्राम लक्ष्मणपुरवा के तालाब में ग्रामीणों ने शव उतराता देखा तो सूचना पुलिस को दी। जानकारी पर पुत्र स्वप्निल मौके पर गया और शव की शिनाख्त पिता अनिल के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।