बरामद सामान के साथ पुलिस और आबकारी टीम।
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका की निवर्तमान अध्यक्ष के पति भाजपा नेता पर शिकंजा कसता जा रहा है। मंगलवार को दो थानों की पुलिस ने आबकारी विभाग की टीम के साथ अलग-अलग गांवों में संचालित हो रहे भाजपा नेता के ठेकों पर छापेमारी की। इस दौरान नकली होलोग्राम लगे 94 पौवे बरामद होने का दावा कर पुलिस ने भाजपा नेता समेत चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
गत रविवार को बिलग्राम पुलिस ने ग्राम पसनेर में शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया था। यहां गिरफ्तार किए गए छह लोगों ने पुलिस को बताया था कि सरकारी ठेकों की आड़ में स्थानीय स्तर पर बनाई जाने वाली शराब को खपाया जा रहा है। इन लोगों ने सांडी नगर पालिका की निवर्तमान अध्यक्ष के पति भाजपा नेता रामजी गुप्ता के भी कारोबार में शामिल होने की बात कही थी। इसी आधार पर पुलिस ने रामजी गुप्ता समेत चार लोगों को उक्त प्रकरण में वांछित घोषित कर दिया था। पूरे कारोबार की तह तक पहुंचने के लिए मंगलवार को भाजपा नेता रामजी गुप्ता के पिंडारी, जंडेलपुरवा, मदारा में स्थित ठेकों पर बिलग्राम के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, सांडी के थानाध्यक्ष संतोष कुमार, आबकारी अधिकारी मुन्नालाल यादव की टीम ने छापेमारी की। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि जंडेलपुरवा स्थित भाजपा नेता के ठेके पर सेल्समैन नरेंद्र पाल को हिरासत में लिया गया है। यहां नकली मोनोग्र्राम लगे 94 पौवे और असली मोनोग्राम के 611 पौवे बरामद किए गए।
उधर दूसरी ओर मदारा में शालिनी पत्नी सुरेंद्र पाल के पास भी 60 पौवे शराब बरामद हुई। हालांकि ये शराब वैध बताई गई है। उसने पुलिस को बताया कि ठेका मालिक रामजी गुप्ता और मुंशीगंज के पंकज त्रिवेदी उसे सप्लाई देते थे। पुलिस ने भाजपा नेता रामजी गुप्ता, पंकज त्रिवेदी, सेल्समैन नरेंद्र पाल पुत्र श्रीकृष्ण और सेल्स गर्ल शालिनी पत्नी सुरेंद्र पाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं भाजपा नेता रामजी गुप्ता का कहना है कि उनका राजनीतिक कॅरियर खराब करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उन्हें फंसाने के लिए स्थानीय पुलिस ताना बाना बुन रही है।