अवैध रूप से शस्त्र बनाने की फैक्टरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। हरियावां पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 तमंचे, असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि हरियावां के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहन सरोज को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम शिवरी में अवैध शस्त्र बनाकर बेचे जाने का कारोबार किया जा रहा है। गैर जनपदों से यहां कुछ लोगों की आवाजाही की जानकारी भी पुलिस को मिली थी। इस पर प्रभारी निरीक्षक टीम के साथ शिवरी में शुक्रवार सुबह चार बजे पहुंचे। भैंसटा नदी के किनारे चल रही शस्त्र फैक्टरी से राजपाल उर्फ खरगू पुत्र गुलजारी निवासी शिवरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से सात नए तमंचे, मरम्मत के लिए आए पांच पुराने तमंचे, तीन अधबने तमंचे, दो कारतूस, दो खोखा, आठ लोहे की नाल बरामद की। एसपी ने बताया कि राजपाल हरियावां थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध 10 मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि राजपाल के पास कौन-कौन असलहे खरीदने आता था।