टड़ियावां। गुलरिहा गांव से बालिका का अपहरण करने वाले दो लोगों को पुलिस ने लखनऊ से दबोच लिया है। बालिका भी सकुशल है। पुलिस ने बताया कि आर्केस्ट्रा में मां के नाचने से मना करने पर उसकी बेटी का अपहरण हुआ था।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के गुलरिहा गांव निवासी गुड्डी की पांच वर्षी पुत्री नेहा गुरुवार को स्कूल जा रही थी। स्कूल के बाहर से उसे बाइक से आए दो लोग उठा ले गए थे। गुड्डी ने गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के पिपरसंडी निवासी दिनेश और एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने सोमवार को बालिका के साथ आरोपी को दबोच लिया। अपहरण के बाद दिनेश ने गुड्डी से मोबाइल पर बात कर लखनऊ बुलाया था। आरोपी ने गुड्डी से अकेले आने को कहा था। आरोपी की मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने लखनऊ चारबाग से दिनेश को दबोच लिया।
सूत्रों के अनुसार दिनेश की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी धर्मेंद्र निवासी लहरपुर थाना सीतापुर को भी दबोच लिया है। पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। बताते हैं दिनेश आर्केस्ट्रा चलाता है, उसमें गुड्डी प्रोग्राम करने जाती थी।
कुछ समय से उसने आर्केस्ट्रा में जाना बंद कर दिया था। इसी बात से दिनेश नाराज हो गया था और दबाव डालने के लिए बेटी का अपहरण कर लिया। एसओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।