कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमौना में सोमवार शाम नल से पहले पानी भरने के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। जमकर लाठी डंडे चले। इसमें छह लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमौना गांव निवासी सुरेंद्र पाल और आशीष सोमवार शाम सार्वजनिक नल पर पानी भरने गए थे। पहले पानी भरने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। इस पर आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया। कुछ देर बाद दोनों पक्ष फिर आमने सामने आ गए। विवाद के बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे चलने लगे। मारपीट की घटना में सुरेंद्र, महिपाल व अक्षय एवं दूसरे पक्ष से आशीष, अनिल व नगीना को चोटें आईं। देर रात कोतवाली पहुंच कर दोनों पक्षों ने तहरीर दी। पुलिस ने सुरेंद्र की तहरीर पर रामनरेश, रमाकांत व सुनील एवं आशीष की तहरीर पर श्याम सिंह, अक्षय, कुरेंद्र पाल व महिपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायलों को सीएचसी भेजा है। कोतवाल श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि जांच की जाएगी।