कोतवाली क्षेत्र के गांव अहेमी में बच्चों के विवाद में गुस्साए युवक ने
गोली मार दी। गोली लगते ही किशोर की मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने ईंट
पत्थर से कूंच कर गोली मारने वाले युवक को मार डाला।
मृतक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। दो की हत्या से गांव में दहशत फैल गई। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
कोतवाली
क्षेत्र के अहेमी गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र कुमार(45) के बेटे
शिवम और पड़ोस में रहने वाले रामकरन गुप्ता के बेटे पंकज के बीच झूला झूलने
को लेकर विवाद हो गया। रामकरन गुप्ता अपने बेटे पंकज (15) को लेकर शिकायत
करने वीरेंद्र के घर पहुंचा।
आरोप है कि तैश में आए वीरेंद्र ने
तमंचे से पंकज उर्फ भूरा को गोली मार दी। इतने से भी उसका गुस्सा शांत नहीं
हुआ तो उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। रामकरन व परिवार के लोग आनन- फानन
में पंकज को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर
दिया।
किशोर की मौत की खबर गांव में पहुंची तो गुस्साए लोगों ने
लाठी-डंडों और ईंट-पत्थर से वीरेंद्र को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई से
वीरेंद्र कुमार की मौत हो गई। दो की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक
उमेश कुमार सिंह मयफोर्स गांव में पहुंचे।
हिस्ट्रीशीटर के खुले
आम घूमने पर स्थानीय पुलिस और ग्राम प्रधान पर नाराजगी जताई। तनाव को देखते
हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। एसआई राजेश सिंह ने बताया कि मृतक
वीरेंद्र हिस्ट्रीशीटर था। घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।