बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के नेक पुर हातिमपुर ससुराल आए युवक ने शनिवार रात शराब पीकर ससुरालीजनों से झगड़ा किया। पत्नी रोकने आई तो उसे पीटने लगा और खुद ही 100 नंबर पर पत्नी को पीटने की सूचना दी। कॉल रिसीव होने पर कहा कि पत्नी को पीट रहा हूं। पुलिस युवक को कोतवाली ले आई थी। जहां पर रविवार को दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता के बाद युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के नेकपुर हातिमपुर निवासी नेतराम के बेटे दुर्गेश की ससुराल पून्नापुरव बाण गांव में है। शनिवार को वह ससुराल आया था। जहां पर उसने जमकर शराब पी। नशे में होने के बाद उसने ससुरालीजनों से झगड़ना शुरू कर दिया। इस पर पत्नी ने उसको रोकने का प्रयास किया। इसे पर दुर्गेश ने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। मायके पक्ष के लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर उसने यूपी-100 नंबर पर फोन किया।
कॉल रिसीव होने पर बताया कि पत्नी को पीट रहा हूं रोक सकते हो तो आ जाओ। यूपी-100 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को लेकर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। रविवार सुबह ससुरालपक्ष के लोग पहुंचे तब तक युवक का नशा भी उतर चुका था। प्रभारी कोतवाल एसएसआई एमपी सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष के लोगों के बीच सुलह-समझौता करा दिया गया है। बताया कि युवक को दोबारा इस प्रकार की हरकत नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।