गिट्टी उतारकर लौट रहा ट्रक बुधवार दोपहर अतरौली रोड पर ढीली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। ट्रक में करंट दौड़ने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि चालक व तीन अन्य ने कूदकर जान बचाई। अतरौली क्षेत्र में सड़क का निर्माण चल रहा है। इसके लिए चालक ट्रक में गिट्टी लेकर गया था। ट्रक में चालक के अलावा चार मजदूर सवार थे। गिट्टी उतारने के बाद शाम करीब तीन बजे ट्रक संडीला लौट रहा था। अतरौली रोड हाईटेंशन लाइन के बाद काफी नीचे तक लटके हैं।
तकिया गांव के पास वाहन को क्रास करते समय चालक ने ट्रक साइड में किया। इससे ट्रक बिजली के तार की चपेट में आ गया। इससे ट्रक में करंट दौड़ गया। चालक और तीन मजदूर तो कूद गए लेकिन गोगावां निवासी गोपी (45) पुत्र सूरजबली की करंट से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और मजदूर भाग गए। करंट से ट्रक का एक पहिया भी जल गया।
आसपास के लोगों ने सबस्टेशन पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। कुछ ही देर में दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर कोतवाल उमाशंकर उत्तम भी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। करीब दो घंटे तक मौके पर बिजली विभाग का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा था। इस संबंध में एसडीओ सतेंद्र पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही आपूर्ति बंद करा दी थी। जेई रामराज को टीम के साथ मौके पर भेजा है।