घटना स्थल पर शव देखता पुलिसकर्मी व भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
परिवार में महिला से अवैध संबंध के चलते युवक ने अपने फुफे रे भाई को सरे बाजार गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से बाजार में अफरातफरी मच गई। महिला अपने प्रेमी का शव देख मौके पर ही गश खाकर गिर पड़ी। भीड़ का फायदा उठाकर हमलावर मौके से भाग निकला। सूचना पर एसपी ने मौके का निरीक्षण किया।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर सरैंया निवासी रामकुमार के परिवार की महिला कोतवाली क्षेत्र के देवी गांव में आश भी है। घरेलू विवाद के चलते महिला करीब छह माह से युवक के फुफेरे भाई पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर कोड़ा निवासी छोटेलाल (35) पुत्र मुन्नालाल के साथ कस्बे में बस अड्डे के पास किराए पर रह रही थी। गुरुवार की शाम छोटेलाल इस्लामगंज बाजार में सब्जी खरीदने गया था। साथ में महिला भी थी। इसी दौरान महिला ने रामकुमार को देख लिया। वह छोटेलाल से अलग होकर भीड़ में चली गई। रामकुमार ने दूर से ही दोनों को साथ देख लिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला और फुफेरे भाई को साथ देखकर रामकुमार आपा खो बैठा। छोटेलाल के करीब पहुंचकर उसके सीने पर तमंचा रखकर गोली चला दी। गोली लगते ही छोटेलाल गिर पड़ा। कुछ देर छटपटाने के बाद छोटेलाल की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर एसपी विपिन कुमार मिश्र, सीओ हरियावां ममता कुरील, पिहानी कोतवाली के प्रभारी श्यामबाबू शुक्ल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला को कोतवाली लाकर प्राथमिक पूछताछ की है। कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते ही युवक की गोली मारकर हत्या की गई। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस की दो टीमें आरोपी की तलाश के लिए भी छापेमारी में लगी हैं।