नेवादा में चोरी के बाद दुकानों के टूटे शटर दिखाते ग्रामीण।
- फोटो : amarujala
भरावन। थानाक्षेत्र के पीपरगांव नेवादा बाजार में बुधवार रात शटर तोड़कर चोर दो दुकानों से दो लाख रुपये से अधिक का सामान पार कर ले गए। एक अन्य दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया। आए दिन हो रही चोरियों से खफा व्यापारियों से सुबह अतरौली रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे एसओ ने बाजार में गश्त बढ़ाने और चोरियों का जल्द खुलासा करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। व्यापारियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
अतरौली थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी कौशल मौर्य की पीपरगांव नेवादा बाजार में रेडीमेड कपडे़ की दुकान है। इसी बाजार में बकवा के अवधेश मोबाइल की दुकान है। बुधवार रात चोरों ने दोनों दुकानें के ताले तोड़कर हाथ साथ कर दिया। सुबह शटर खुले देखकर आसपास के लोगों ने व्यापारियों को सूचना दी। इस पर व्यापारी मौके पर पहुंचे। कौशल ने बताया कि चोर उनकी दुकान से 2 हजार रुपये सहित करीब डेढ़ लाख का सामान ले गए हैं।
अवधेश की दुकान से 30 मोबाइल फोन, 5 हजार के रिचार्ज कूपन, एक प्रिंटर सहित 60 हजार का सामान चोर उठा ले गए। बाजार में तिवारीखेड़ा निवासी छोटू की चप्पल की दुकान का शटर भी चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया। अवधेश ने बताया कि उनकी दुकान में पिछले साल भी कई लाख का माल चोरी हो गया था। आए दिन हो रही चोरी से गुस्साए व्यापारियों ने अतरौली रोड पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाजार में गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। एसओ अतरौली श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि व्यापारियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।