सांडी। खुद को बैंकमकर्मी बताकर जालसाज से छात्रा को फोन कर आधार नंबर पूछा और 25 मिनट के अंदर दो किस्तों में उसके पेटीएम में से 8000 रुपये निकल लिए। छात्रा की मामले की शिकायत बैंक मैनेजर से की है।
सांडी के मोहल्ला सैय्यदबाड़ा निवासी साजिया बेगम का कसबे की स्टेट बैंक में छात्रवृत्ति खाता है। स्नातक की छात्रा साजिया पेटीएम का इस्तेमाल भी करती है। छात्रा ने बताया कि गुरुवार को मोबाइल नंबर 9534422697 से उसके नंबर पर फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताया। उसने साजिया को उसका खाता नंबर बता कर कहा कि अपना आधार नंबर बताओ, खाते से लिंक करना है। इस पर साजिया ने आधार नंबर बता दिया। संदेह होने पर साजिया बैंक पहुंची। बैंक पहुंचने में उसे करीब 25 मिनट लगे।
इस बीच उसके पेटीएम से दो किस्तों में आठ हजार रुपये निकाल लिए गए थे। पहली किस्त में पांच हजार और दूसरी में तीन हजार रुपये निकाले गए। छात्रा ने बताया कि खाते में 8447 रुपये थे। पासबुक में इंट्री कराने पर बैलेंस 447 ही रह गया।
शाखा प्रबंधक राजेश शुक्ला ने बताया कि मामला जानकारी में है। इसकी जांच कराई जाएगी। लोगों को बैंक से इस तरह की कभी फोन नहीं किए जाते। अगर जरूरत होती है तो फोन कर उपभोक्ता को बैंक में बुलाया जाता है। कोई भी इस तरह फोन करे तो उसे अपना आधार नंबर, खाता नंबर या एटीएम कार्ड में पीछे लिखा नंबर बिल्कुल न बताए।