पुलिस ने शुक्र वार रात थाना क्षेत्र के गाम त्यौरी के पास घेराबंदी कर कार सवार पशु तस्कर को दबोच लिया। कार से दो गोवंश बरामद हुए। कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गोवंश अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार रात थाना क्षेत्र के ग्राम त्यौरी की पास घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान हरदोई की ओर आ रही कार को रोका। पुलिस को देखकर चालक कार छोड़कर भागने लगा। उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार में दो जिंदा गोवंश मिले। इन्हें ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शमशाद पुत्र मुंशी निवासी ग्राम सुजानपुर कोतवाली कछौना बताया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज के मुताबिक आरोपी ने बताया कि लंबे समय से पशु तस्करी का काम कर रहा है। वह कई जिलों में मांस बेचता था। शुक्रवार रात वह गोवंश लेकर गोपामऊ जा रहा था। दिसंबर में लायक खेड़ा में चार गोवंश व एक जनवरी को समसपुर के पास नहर में चौबीस गोवंशों के अवशेष पड़े मिले थे। आरोपी इन सभी घटनाओं में संलिप्त था। आरोपी के दो साथी पहले ही कोर्ट में समर्पण कर चुके हैं।