मल्लावां। बारावफात के जुलूस में पुलिस टीम पर हमला करने में नामजद आरोपियों में से दो और को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
21 नवंबर को कोतवाली क्षेत्र के मटियामऊ गांव से निकाले गए बारावफात के जुलूस के दौरान रास्ता बदलने को लेकर कुछ लोगों का पुलिस से विवाद हो गया था। सुरक्षा में लगे चौकी इंचार्ज मुईन अहमद ने जुलूस को नए रास्ते पर जाने से रोक दिया था।
जिससे अराजकतत्वों ने पुलिस पर हमला बोल दिया था। चौकी इंचार्ज ने इस मामले में 35 लोगों को नामजद करते हुए 100 अज्ञात लोगों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शनिवार सुबह पुलिस ने फरार चल रहे मटियामऊ निवासी आरोपी जावेद, यूनुस उर्फ लालू को राघौपुर चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।