दुकानदार के साथ मारपीट
कैराना। मामूली विवाद पर आधा दर्जन युवकों ने मोबाइल दुकानदार के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। इसी बीच लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी सलमान मोहल्ले में ही मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान करता है। शुक्रवार देर रात उसकी दुकान पर दो युवक मोबाइल का कवर खरीदने के लिए पहुंचे, जिनके साथ में सौदेबाजी को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ ही देर बाद युवक अपने आधा दर्जन युवकों के साथ लाठी-डंडों और हॉकी के साथ वहां आ धमके और मारपीट शुरू कर दी, जिसमें वह घायल हो गया। शोर सुनकर मौके पर लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया, जिसकी जमकर धुनाई की गई। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित की ओर से कोतवाली पर तहरीर दे दी गई है।
चोरी की बाइक समेत आरोपी गिरफ्तार
कैराना। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। रामड़ा निवासी नेत्रपाल एडवोकेट ने कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया कि शुक्रवार को कचहरी परिसर से उनकी बाइक चोरी कर ली गई। पुलिस ने बाइक की तलाश शुरू कर दी थी। वहीं, शनिवार को पुलिस ने पब्लिक इंटर कॉलेज के निकट से चेकिंग के दौरान उक्त बाइक को बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी नदीम निवासी ग्राम माल्हीपुर थाना कांधला को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया गया है।