हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी का इलाज कराने जा रहे युवक से बाइक सवारों ने लिफ्ट देकर नौ हजार रुपये लूट लिए। शहर कोतवाल ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
सांडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरायमुल्ला गंज निवासी बुलाकी की पत्नी फूलमती 11 मार्च को घर में गिरकर चुटहिल हो गई थी। वह उसका शहर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ रोड पर संचालित एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहा है। उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है। सोमवार शाम को वह पान मसाले की पुड़िया लेने एक गुमटी पर पहुंचा। वहीं पर दो बाइक सवार आकर रुके और पुड़िया खिलाने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। बुलाकी ने बताया कि वह लोग उसे सुनसान जगह ले गए और उससे नौ हजार रुपये लूट लिए। इस संबंध में शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।