अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के मामले में बेटी को पेशी पर ले जा रहे पिता को ससुरालीजनों ने रास्ते में रोक लिया। उस पर समझौते का दबाव बनाकर करीब 100 मीटर दूर तक दौड़ाकर पीटा। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए। मामले की जांच की जा रही है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के तिरवा कुल्ली गांव निवासी शिवराज (45) पुत्र गंगाराम मजदूरी करता है। उसने बेटी शांती की शादी लालपुर गांव निवासी पिंटू पुत्र रूपलाल के साथ की थी। ससुरालीजन दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इससे परेशान होकर उसने कुछ माह पूूर्व दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज करा दी। शनिवार को शिवराज बेटी को पेशी पर लेकर कचहरी जा रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र में जेल रोड पर ससुरालीजन पहले से मौजूद थे। उन्होंने बेटी को साथ भेजने का दबाव बनाकर गाली-गलौज की। विरोध पर शिवराज को जेल रोड से रोडवेज बस स्टॉप तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सरेआम पिटाई देखकर भी लोग मूकदर्शक बने रहे। कोतवाली प्रभारी धनश्याम शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बेटी को पेशी पर ले जा रहे पिता को ससुरालियों ने पीटा
- दहेज उत्पीड़न के मामले में समझौते का बनाया दबाव