हरदोई (ब्यूरो)। मझिला थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम कूंचीखेड़ा में मवेशी चोरों ने टोकने पर युवक के गोली मार दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, तो मवेशी चोर भाग निकले। गोली लगने से घायल हुए युवक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम कूंचीखेड़ा निवासी भूरेलाल (26) मंगलवार रात घर के बाहर सो रहा था। पास ही उसकी भैंस बंधी हुई थी। आधीरात के बाद मवेशी चोर वहां पहुंचे और उसकी भैंस खोलने की कोशिश करने लगे। आहट सुनकर भूरेलाल जाग गया और उसने टोक दिया। इस पर मवेशी चोरों ने उसे गोली मार दी। फायर और भूरेलाल के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण शोर मचाते हुए घटना स्थल पर पहुंच गए। इस पर मवेशी चोर भैंस छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने में दी। जिसके आधार पर अज्ञात मवेशी चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
- टोकने पर मवेशी चोरों ने युवक के गोली मारी
- मझिला थाना क्षेत्र के कूंचीखेड़ा की घटना