हरपालपुर (हरदोई)। बरेली में हत्या करने के बाद बोरे में बंद कर फेंका गया दूसरे युवक का शव रविवार शाम बरेली पुलिस ने हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरौली के निकट रामगंगा नदी के किनारे से बरामद किया। पुलिस ने हत्यारोपियों की निशानदेही पर ये कार्रवाई की है। मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा है।
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम पलथापुर निवासी भूपेंद्र यादव पुत्र शिशुपाल यादव की घनिष्ठ मित्रता अपने मामा अमर पाल के पुत्र धीरेंद्र के साथ थी। भूपेंद्र का प्रेम प्रसंग मीरानपुर कटरा निवासी एक युवती के साथ था। पुलिस की मानें तो 21 फरवरी को युवती के घर वाले एक समारोह में शामिल होने बरेली गए थे। इसी दौरान उसने फोन कर भूपेंद्र को अपने घर बुला लिया था। भूपेंद्र के साथ धीरेंद्र भी गया था। भूपेंद्र घर के अंदर चला गया था, जबकि धीरेंद्र बाहर था। इसी दौरान युवती के भाई और पिता घर पहुंच गए। युवती के नाराज पिता और भाई ने धीरेंद्र और भूपेंद्र की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव अल्हागंज के हुल्लापुर पुल से नीचे रामगंगा नदी में फेंक दिए थे। जांच के दौरान पुलिस ने युवती के भाई और पिता को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था। उनकी निशानदेही पर भूपेंद्र का शव शाहजहांपुर जनपद में ग्राम भुड़िया के निकट रामगंगा नदी के किनारे मिला था। रविवार देर शाम धीरेंद्र का शव हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरौली के निकट रामगंगा नदी के किनारे से बरामद हुआ। बरेली पुलिस के उप निरीक्षक गौरव त्यागी के नेतृत्व में आई पुलिस टीम ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।