हरदोई। बरेली में लोक निर्माण विभाग के खंड एक में तैनात अवर अभियंता के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बोर्डिंग हाउस स्थित बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। दो अलग-अलग सेफ के लाकर तोड़कर तकरीबन तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली है।
सुनीलदत्त शर्मा बरेली में लोक निर्माण विभाग में खंड एक में अवर अभियंता हैं। वह अपने परिवार के साथ बरेली में ही रहते हैं। हरदोई में तैनाती के दौरान उन्होंने एक घर सांडी रोड पर शहर कोतवाली क्षेत्र के बोर्डिंग हाउस में भी बनवा लिया था। हरदोई से तबादला होने के बाद से यह मकान बंद रहता है। बाहरी हिस्से की एक चाबी एक कर्मचारी के पास है। अवर अभियंता की मानें तो इस बार लगभग वह डेढ़ माह बाद तीन फरवरी की शाम हरदोई आवास पर आए। ताला खोलकर अंदर जाने पर उन्हें चोरी का पता चला। उनके मुताबिक लगभग तीन लाख रुपये के जेवर चोरी हुए हैं। शहर कोतवाली में घटना की तहरीर दी गई, जिस पर गुरुवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ सिटी विजय कुमार राना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।