गोपामऊ/हरदोई। एसडीएम सदर ने रविवार की शाम बालू के अवैध खनन व भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान गोपामऊ कस्बे में व कस्बे के बाहर चार जगह बालू का अवैध भंडारण पकड़ा। बालू को सीज कर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसडीएम सदर ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
टडिय़ावां क्षेत्र से गुजरी गोमती नदी बालू के अवैध खनन का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है। घाट से बड़े पैमाने बालू का खनन किया जा रहा है व उसे क्षेत्र में भंडारित किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद रविवार की शाम एसडीएम ने एसओ टडिय़ावां राकेश चंद्र आनंद के साथ गोपामऊ कस्बे में व उसके आसपास छापेमारी की। एसडीएम ने बड़ी बाजार, ईदगाह के पास से एक-एक ढेर व घन बगिया टंडौर तिराहे के पास से भारी मात्रा में भंडारित बालू पकड़ी। संबंधित लोग भंडारण के अभिलेख नहीं दिखा सके। इस पर एसडीएम ने चारों ढेर सीज कर उन्हें पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया है। एसडीएम ने बताया कि चार जगह से कुल 285 घन मीटर बालू का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। एक व्यक्ति ने मौके पर ही रॉयल्टी भुगतान के लिए आवेदन किया है, आवेदन पर कार्रवाई की जा रही है। अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर खनन निरीक्षक वशिष्ठ यादव आदि राजस्वकर्मी मौजूद रहे।