अमर उजाला ब्यूरो
कछौना। कोतवाली क्षेत्र के गांव ज्ञानपुर के मजरा लालताखेड़ा में संदिग्ध हालात में महिला की मौत के मामले में पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ग्राम ज्ञानपुर के मजरा लालताखेड़ा निवासी रीमा उर्फ निधि पत्नी आकाश का शव सोमवार शाम घर के अंदर कमरे में लटकता मिला था। महिला की मौत की सूचना पर उसके मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे थे। जहां ससुरालियों से उनका विवाद हो गया था। रीमा के पिता मनोज शुक्ला निवासी लुधोरा थाना बेनीगंज ने थाने पर दी तहरीर दी। आरोप लगाया कि उसने पुत्री रीमा की चार साल पूर्व शादी की थी। उसके ससुराली लगातार दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर इन लोगों ने उसकी पुत्री को मारकर शव लटका दिया। मनोज की तहरीर पर पुलिस ने पति आकाश, ससुर महेश मिश्रा, सास सरला और देवर सहित पांच लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि जांच की जा रही है।
पति सहित पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट
- महिला की संदिग्ध हालात में हुई थी मौत
- पिता ने मारकर शव लटकाने का लगाया था आरोप