अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। गौहना गांव में कमरे की दीवार में नकब लगाकर घुसे चोर रुपये व गहनों के अलावा लाइसेंसी बंदूक भी चुरा ले गए। सुबह जागने पर परिजनों को घर में चोरी होने की जानकारी हुई। रविवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल कर रिपोर्ट दर्ज की थी। सोमवार को फील्ड यूनिट की टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पाली थाना क्षेत्र के गौहना गांव निवासी राकेश पुत्र राधेश्याम शनिवार को खाना आदि खाने के बाद छत पर सोए थे। रात करीब 10 बजे महिलाएं घरेलू काम निपटा कर सोने चली गईं। रविवार सुबह करीब छह बजे पत्नी छत से नीचे आई व कमरे की कुंडी खोलकर झाड़ू लगाने अंदर गईं। कमरे में उसे नकब लगी मिली। घर में चोरी होने की जानकारी पर राकेश कमरे में पहुंचा। उसे कमरे में रखे बक्सों के ताले टूटे मिले व बक्से में रखे गहने व रुपये चोरी हो गए थे। इसके अलावा कमरे में खूंटी पर टंगी डबल बैरल बंदूक भी चोरी हो गई थी। राकेश की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और घटना स्थल की पड़ताल की थी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बंदूक व रुपये गहने समेत करीब 70,000 चोरी होना बताया है। सोमवार को फील्ड यूनिट के सदस्यों ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वारदात का खुलासा करने क ा प्रयास किया जा रहा है।
-नकब लगाकर बंदूक समेत, रुपये गहने चोरी
-पाली थाना क्षेत्र के गौहना में हुई चोरी की वारदात
-फील्ड यूनिट की टीम ने गांव पहुंच जुटाए साक्ष्य