हरदोई। शहर कोतवाली पुलिस ने दो इनामी बदमाश व एक अन्य शातिर को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे और खोखा बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए एक शातिर पर फर्रुखाबाद और हरदोई में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिये सूचना मिली थी कि कुछ शातिर सांडी रोड पर जिंदपीर बाबा की मजार के नजदीक एकत्र हैं। सूचना पर सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई।
मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो शातिरों ने फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन पुलिस कर्मी बच गए। तीनों शातिरों को पुलिस ने घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने अपना नाम पता शहर कोतवाली क्षेत्र के कैथलिया निवासी रामवीर पुत्र छोटे, शहाबुद्दीनपुर निवासी बागेश उर्फ बाघा पुत्र दिलीप और सुरजीपुर निवासी अनुज पुत्र शमशेर बताया। इन तीनों के कब्जे से एक-एक तमंचा और खोखा बरामद हुआ।
एसपी ने बताया रामवीर और बागेश पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनमें से रामवीर बेहद शातिर है। उसके विरुद्ध जनपद की शहर कोतवाली, टड़ियावां और मल्लावां थाना क्षेत्र में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा फर्रुखाबाद जनपद के फतेहगढ़ कोतवाली में गैंगेस्टर और जानलेवा हमले के तीन मुकदमे भी दर्ज हैं।
जिनमें फतेहगढ़ पुलिस भी उसे तलाश रही है। बागेश के विरुद्ध शहर कोतवाली में तीन और शाहाबाद व टड़ियावां थाने मेें एक-एक मुकदमा दर्ज है। इसी तरह अनुज के विरुद्ध शहर कोतवाली में तीन और देहात कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी ने इन शातिरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल कोतवाल भगवान सिंह, उपनिरीक्षक जावेद अख्तर, कयूम खां, सिपाही वीरन यादव, ज्ञानेंद्र शुक्ला और आकिम खां को बधाई दी है। प्रेस वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी निधि सोनकर, सीओ नगर शैलेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे।
-एक बदमाश पर फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली में भी दर्ज हैं मुकदमे
अमर उजाला ब्यूरो