क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
थाना पालीमुकीमपुर के गांव रजातऊ सेऊपुर के स्कूल व गहतोली निर्मल की साधन सहकारी समिति में बुधवार को गोवंश बंद करने के मामले में पुलिस ने कई गांवों के किसानों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारियों को धमकाने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें नौ लोग नामजद व पचास अज्ञात हैं।
रजातऊ प्राथमिक विद्यालय के हेड मास्टर धर्मेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह और जूनियर स्कूल के प्रधानाध्यापक रूपेंद्र शर्मा बुधवार को स्कूल में पढ़ा रहे थे, तभी गांव रजातऊ के ग्रीश, बलीपुर के लालू मऊपुर के गुल्लू समेत तमाम अज्ञात गायों को दौड़ाते हुए स्कूल में आ गए और शिक्षण कार्य बंद कराते हुए गायों को स्कूल में बंद कर दिया।
विरोध करने पर डराया धमकाया। देर शाम तहसीलदार राजेश कुमार व बीडीओ केपी सिंह राघव ने ताला खुलवाकर गायों को बाहर निकाला।
उधर गहतोली निर्मल की साधन सहकारी समिति के सचिव दिनेश यादव ने कहा है कि वह एकाउंटेंट के साथ सरकारी कार्य निपटा रहे थे, तभी गांव के भूदेव पुत्र रूप सिंह, देवेंद्र पुत्र शिशुपाल, आराम सिंह पुत्र लल्लन, महेंद्र जाटव, सूरजपाल व सुरेश के साथ तमाम अज्ञात गायों को दौड़ाते हुए समिति परिसर में घुसा लाए।
डराते धमकाते हुए उन्हें बाहर निकाल दिया और गायों को बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया। एसओ राजीव कुमार का कहना है दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।