मैदा बेचने में ट्रक चालक और हेल्पर गिरफ्तार
- 17 मई को दिल्ली के लिए लोड किया गया था 320 बोरी मैदा
- बदायूं में बेचा 150 बोरी मैदा, ट्रक मालिक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई।
शहर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से 14 दिन पहले दिल्ली के लिए भेजा गया 320 बोरी मैदा फर्म तक नहीं पहुंचा। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट मालिक की तहरीर पर जांच की तो बदायूं से 170 बोरी मैदा समेत ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। चालक और हेल्पर को 150 बोरी मैदा बेचने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बालाजी ट्रांसपोर्ट के मालिक मिथिलेश मिश्रा ने 17 मई को एक ट्रक में बाबा फ्लोर मिल से 320 बोरी मैदा लोड कराया था। ये मैदा दिल्ली के करोलबाग स्थित एक फर्म को भेजा गया। मैदा फर्म तक न पहुंचने पर संचालक ने ट्रांसपोर्ट मालिक मिथिलेश मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने चालक, हेल्पर से संपर्क साधने की कोशिश की। मिथिलेश मिश्रा ने शहर कोतवाली के प्रभारी घनश्याम शुक्ला को 21 मई को तहरीर देकर घटना से अवगत कराया। शहर कोतवाली पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस को जांच में पता चला कि उक्त ट्रक बदायूं में है। बदायूं में ट्रक चालक दिनेश पुत्र हेतराम निवासी रौरा, थाना जहांगीराबाद, जनपद बुलंदशहर, हेल्पर सोनू पुत्र जगदीश निवासी नवीन नगर जहांगीराबाद बुलंदशहर को ट्रक समेत हिरासत में ले लिया। पता चला कि ट्रक मालिक विजेंद्र निवासी ग्राम रौरा, थाना जहांगीराबाद, बुलंदशहर भी इन लोगों के साथ शामिल है। वह फरार है। पुलिस ने बताया कि 170 बोरी मैदा बरामद हुआ है। 150 बोरी मैदा ट्रक चालक, हेल्पर और मालिक ने मिलकर बदायूं में ही बेच दिया। शहर कोतवाली के प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि ट्रक मालिक की तलाश की जा रही है।