गल्ला मंडी में जुआरियों को दबोचने के मामले में बरामद 30 बाइकों में पांच बाइकें पुलिस की मौजूदगी में गायब हो गई। जानकारी पर एसपी ने छह पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं मामले में जांच जारी है। अन्य पुलिस कर्मियों में भी खलबली मची है।
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच व शहर कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को नवीन गल्ला मंडी में जुआरियों की धरपकड़ में छापा मारा गया गया था। इस दौरान पुलिस नें 16 जुआरी दबोचे थे। पुलिस को फड़ से 1 लाख 68 हजार 355 रुपये व 30 बाइकें बरामद हुई थी। कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी, एसएसआई, चौकी इंचार्ज लखनऊ चुंगी भी मौके पर पहुंचे थे। गिरफ्तार जुआरियों को शहर कोतवाली में बंद किया गया था। मौके पर मौजूद कोतवाली, लखनऊ चुंगीव रेलवेगंज की पुलिस मौजूद थी। इन पुुलिस कर्मियों को बरामद बाइकों को कोतवाली भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन कोतवाली तक 25 बाइकें ही पहुंची। पांच बाइकें रास्ते में गायब हो गई। मामला उजागर होने पर एसपी ने लापरवाही बरतने वाले हेड कांस्टेबिल बजरंगी, आरक्षी नागरिक पुलिस कुशल पाल, रितेश, कुलदीप कुमार, श्रवण कुमार व आकिम खां को लाइन हाजिर कर दिया था।
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया प्रथम दृष्टया दोषी मिले थे। इसके चलते कार्रवाई की है। मामले की गहनता से जांच कराएंगे।