क्षेत्र के कुल्हावर पुल के पास गोवंशों के अवशेष फेंकने के मामले में पुलिस ने रविवार सुबह पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
एक सप्ताह पहले शनिवार सुबह क्षेत्र से गुजरी गोमती नदी के किनारे कुल्हावर के पास गोवंशों के अवशेष मिले थे। कुल्हावर गांव निवासी विश्वनाथ पुत्र बचनू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। मामले में पांच लोगों के नाम सामने आए थे। इसके बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हर्रैया पुल के पास घेराबंदी कर एक कार को रोका। पुलिस ने कार सवार सभी पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि आरोपियों ने अपने नाम मुन्ना पुत्र मिट्ठू निवासी मोहल्ला आवरजन कस्बा गोपामाऊ, जाने आलम पुत्र सूका निवासी ताहरपुर थाना मैनाठेर मुरादाबाद, चांद बाबू पुत्र साबिर, अतीक पुत्र रशीद व साबिर पुत्र शहजादे निवासीगण मोहल्ला लालपीर कस्बा गोपामाऊ थाना टड़ियावां बताए हैं। आरोपियों ने गोमांस तस्करी व पुल के पास अवशेष फेंकने की बात स्वीकार की है। कोतवाल श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गोवंश अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जेल भेज दिया गया है। बरामद कार को सीज किया गया है।