हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर हृदय में पति से विवाद पर महिला ने खुद को आग लगा ली। इसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर हृदय निवासी राधिका (30) पत्नी राजीव ने रविवार देर रात पति से विवाद होने पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। उसकी चीख सुनकर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। ग्रामीणों ने यूपी 100 को घटना की सूचना दी। पुलिस ने महिला को शाहाबाद सीएचसी भेजा। जहां पर हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता के पिता रामसिंह परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पति पर आग से जलाकर मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला के चचेरे ससुर भैयालाल ने बताया कि राजीव शराब पीने का आदी है। दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता है। रविवार को दोनों में विवाद हो गया था। इससे क्षुब्ध होकर राधिका ने आग लगा ली थी। बताया कि पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि मायके पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। उन्होंने पति को हिरासत में लेने की बात से इनकार किया है।