संडीला। आशू तिराहे के पास से गुजरी माइनर की पुलिया में बुधवार सुबह युवक का नग्न शव फंसा मिला। उसके चेहरे और घुटने पर चोट के निशान हैं। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ हरदोई राजमार्ग पर आशू तिराहे के पास से गुजरी माइनर की पुलिया में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। कोतवाल जगदीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव माइनर में फेंके जाने की आशंका जताई है। माइनर गौसगंज की ओर से संडीला होकर बेनीगंज क्षेत्र में जाती है। लोगों का कहना है कि शव माइनर में बहकर आया है। आशू तिराहे के पास माइनर में पानी कम होने से शव पुलिया में फंस गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक के बारे में पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि शव दो दिन पुराना लग रहा है।