हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर के मजरा बिंदुआ में रविवार रात पुरानी रंजिश में घर के बाहर बैठे युवक को तमंचे से गोली मार दी गई। युवक की तहरीर पर टोडरपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख के छोटे भाई समेत तीन लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करने के कुछ घंटे बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया।
ग्राम फत्तेपुर के मजरा बिंदुआ निवासी मुनीम (30) पुत्र रामविलास रविवार रात लगभग साढ़े आठ बजे अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान टोडरपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख उदयवीर सिंह के छोटे भाई ग्राम प्रधान अरुण सिंह अपने साथी कुलवंत सिंह और गुरुसाहब के साथ वहां आया और एक मामले में गवाही देने पर नाराजगी जताते हुए तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही मुनीम गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के घरों में रहने वाले लोग और मुनीम के परिजन भी बाहर आ गए। आनन-फानन ही उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया।
जिला चिकित्सालय में कुछ देर भर्ती रखे जाने के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में मुनीम ने बताया कि गांव की ही एक महिला ने पूर्व ब्लाक प्रमुख उदयवीर सिंह के विरुद्ध छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में न्यायालय में सुनवाई के दौरान उसने उदयवीर सिंह के विरुद्ध गवाही दी थी। इसी को लेकर उदयवीर सिंह और उनके भाई नाराज चल रहे थे, इसके चलते ही गोली मारी दी। उधर दूसरी ओर मझिला थानाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि मुनीम की तहरीर पर ग्राम प्रधान अरुण सिंह, कुलवंत सिंह और गुरुसाहब के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।