हरदोई। सांडी नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष समेत 16 लोगों के विरुद्ध बलवे का प्रयास करने और तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला दुकान के विवाद से जुड़ा है।
सांडी के सरांय मुल्लागंज निवासी रमेशचंद्र सविता पुत्र राधेश्याम ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि उसने कस्बे के नवाबगंज मोहल्ला के सदर बाजार स्थित विनोद गुप्ता की दुकान को किराये पर लिया है। 1999 से वह किरायेदार है। आरोप है कि 9 जनवरी को शाम लगभग साढ़े छह बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के विभूति नगर निवासी ओम प्रकाश शर्मा, सांडी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, उनके भाई उमेश गुप्ता व अनिल गुप्ता, कादिर खान, राजा बाबू, देवेश गुप्ता, बंटू बाजपेई, पुनीत बाजपेई अपने सात साथियों के साथ दुकान पर आ गए। दुकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये का सामान तहस-नहस कर दिया। मौके पर पहुंचे रमेश ने रोकने का प्रयास किया तो मारपीट करने की धमकी दी और फरार हो गए। इस संबंध में दिनेश गुप्ता का कहना है कि विवाद को गलत ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। उनकी छवि खराब करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सारा मामला स्पष्ट हो जाएगा।