संडीला। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरेहरी गांव के पास सोमवार की शाम बाइक ने पैदल जा रहे अधेड़ को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि मौके से भागे बाइक सवार को गिरफ्तार किया जाए। मौके पर पहुंचे एसओ ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के सरेहरी गांव निवासी मुंशीलाल (52) पुत्र नत्था गांव के ही रामनाथ (35) पुत्र कल्लू के साथ सोमवार की शाम लगभग सात बजे खेत से पैदल घर की ओर जा रहा था। गांव से कुछ दूरी पर पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में मुंशीलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामनाथ घायल हो गया। चालक बाइक समेत मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी पर मुंशीलाल व रामनाथ के परिजन मौके पर पहुंच गए।
रामनाथ को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। नाराज ग्रामीणों ने लगभग एक घंटे तक जाम लगाए रखा। परिजनों ने बताया कि मुंशीलाल के पांच बेटे व दो बेटियां हैं। वह खेती किसानी करता था। एसओ अमित भदौरिया ने बताया कि मुंशीलाल के बेटे रमेश की ओर से तहरीर मिली है, बाइक चालक की तलाश की जा रही है।