माधौगंज। थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात कस्बे से तेज रफ्तार जा रही कार को पुलिस ने वाहन से दौड़ाकर पकड़ लिया। वाहन छोड़कर चालक फरार हो गया। गाड़ी से अरुणाचल प्रदेश का लोगो लगी शराब की 184 बोतलें मिली हैं।
मुुखबिर की सूचना पर माधौगंज के एसओ संतोष कुमार ने रात की गश्त बढ़ा दी। कुछ ही देर में बिल्हौर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने पुलिस को देखकर और स्पीड बढ़ा बिलग्राम की ओर भागी। पुलिस ने भी अपनी जीप को उसके पीछे लगा दिया। कुछ दूरी पर जाकर गौरा जाने वाले मार्ग पर कार को मोड़ लिया और पुलिस को पीछा करते देख चालक वाहन छोड़ भाग निकला।
पुलिस ने उसकी डिग्गी से 184 बोतल शराब बरामद की। बोतलों पर अरुणाचल प्रदेश का लोगो लगा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।